बिहार में लापता दो नाबालिग बहनों के शव 36 घंटे बाद मिले
चिमनी परिसर से बरामद हुए शव
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहारी थाना क्षेत्र के मकसूदपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। खेलते समय लापता हुई दो नाबालिग चचेरी बहनों के शव 36 घंटे बाद बुधवार सुबह एक चिमनी परिसर से मिले। शवों की स्थिति देखकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृत बच्चियों की पहचान मकसूदपुर निवासी राजेश राय की 12 वर्षीय बेटी मौसमी कुमारी और वीरचंद्र कुमार की 7 वर्षीय बेटी रूची कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चियां घर के पास खेल रही थीं। उसी समय पास में बख्तौर भूईया बाबा की पूजा चल रही थी, जिससे परिवार को लगा कि बच्चियां वहीं होंगी। जब देर रात तक वे घर नहीं लौटीं, तो खोजबीन शुरू की गई।
शवों की स्थिति और जांच
खोज के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर मंगलवार को रामपुरहारी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। बुधवार सुबह गांव के पास एक चिमनी (ईंट भट्ठा) के पास चौर से दोनों बच्चियों के शव मिले। शवों की स्थिति देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थानाध्यक्ष शिवेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि दोनों बच्चियों के लापता होने की सूचना के बाद से ही पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी। शव मिलने के बाद मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।
