बिहार में रामनवमी पर मौसम का मिजाज: तेज धूप से आंधी और बारिश तक

रामनवमी के दिन बिहार में मौसम ने कई रंग दिखाए। सुबह की तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद, दोपहर में अचानक मौसम ने करवट ली। आंधी और बारिश ने कई जिलों में तबाही मचाई, जिससे एलईडी गेट गिरने जैसी घटनाएं हुईं। आईएमडी के अनुसार, आज भी ओलावृष्टि की संभावना है। जानें मौसम का हाल और स्वास्थ्य के लिए जरूरी टिप्स।
 | 
बिहार में रामनवमी पर मौसम का मिजाज: तेज धूप से आंधी और बारिश तक

मौसम में बदलाव का असर

बिहार में रामनवमी पर मौसम का मिजाज: तेज धूप से आंधी और बारिश तक

पटनाः रामनवमी के दिन मौसम ने कई रंग दिखाए। सुबह से लेकर दोपहर तक तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया, जिससे तापमान 40°C तक पहुंच गया। लेकिन दोपहर के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। लगभग 2 से 3 बजे के बीच काले बादल छा गए और गरज-चमक के साथ तेज आंधी चलने लगी। पटना, गया, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, दरभंगा और पूर्णिया सहित पूरे बिहार में देर रात तक मौसम खराब बना रहा.

आंधी से हुई तबाही
अचानक आई तेज आंधी और बारिश के कारण पटना के डाकबंगला चौराहा पर रामनवमी कार्यक्रम के लिए लगाया गया विशाल एलईडी गेट गिर गया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। कई जगहों पर दुकानों के होर्डिंग भी उड़ गए, जिससे पूरे बिहार में तबाही का मंजर देखने को मिला.
आज 6 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना

आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, आज भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने की संभावना है। छह जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है, जबकि अन्य जिलों में तेज आंधी और बारिश की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
60 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी

शुक्रवार शाम से मौसम ने ऐसा रुख बदला कि हर तरफ तबाही का मंजर देखने को मिला। दक्षिण बिहार से लेकर पूर्वी और उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और जोरदार बारिश हुई। औरंगाबाद, गया, नालंदा, नवादा सहित कई जिलों में ओलावृष्टि जैसी स्थिति भी बनी रही। कई जगहों पर तेज हवा से भारी नुकसान हुआ है.
पटना में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डाकबंगला चौराहे पर शोभायात्रा के स्वागत के लिए बड़े-बड़े एलईडी गेट लगाए गए थे। मंच पर बीजेपी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे और भारी संख्या में लोग भी जुटे थे। इसी दौरान तेज आंधी आई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.

तेज हवा के कारण एलईडी गेट भरभराकर गिर पड़े, लेकिन सौभाग्य से वे मंच से करीब 200 मीटर दूर गिरे। बहुत बड़ा हादसा टल गया। देर रात तक आंधी और बारिश का सिलसिला जारी रहा। कई जिलों में बिजली भी बाधित हुई। कहीं टीन का शेड तो कहीं दुकान के होर्डिंग उड़ गए.

आज का मौसम
आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आज यानी 28 मार्च को भी मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। पूर्वी बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, भागलपुर और बांका सहित 6 जिलों में ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा, पटना, गया, मुजफ्फरपुर, बक्सर, पश्चिम चंपारण, दरभंगा सहित शेष सभी 32 जिलों के आसमान में काले बादल छाए रहेंगे। रुक-रुककर बारिश होती रहेगी और हवा की रफ्तार भी काफी तेज रह सकती है.

कल का मौसम
कल यानी 29 मार्च को भी मौसम का मिजाज कुछ हद तक ऐसा ही रहेगा। पूर्वी बिहार के जिलों में खराब मौसम का ज्यादा असर रहेगा जबकि पश्चिम बिहार में मौसम शुष्क रहेगा। 30 मार्च से मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा.

मार्च के अंत में तापमान 40°C के करीब
रामनवमी के दिन गर्मी ने भी अपना प्रचंड रूप दिखाया। तीखी धूप के कारण दिन का अधिकतम तापमान 39.8°C रोहतास के बिक्रमगंज में दर्ज हुआ। यह इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म जिला साबित हुआ। इसके अलावा, कैमूर में 30°C, गया में 37.6°C, डेहरी में 37.2°C, पटना और औरंगाबाद में 36.2°C दर्ज हुआ। दक्षिण पश्चिम भाग के जिलों का अधिकतम तापमान सबसे अधिक रिकॉर्ड किया गया है जबकि सीमांचल जिलों के तापमान में गिरावट देखी जा रही है. किशनगंज में दिन का तापमान 29.6°C दर्ज हुआ.

हालांकि, अब बारिश होने से पूरे बिहार के अधिकतम तापमान में भारी गिरावट होने की संभावना है। गर्मी से राहत मिल रही है जबकि मौसम सुहावना बना हुआ है. हालांकि, आंधी बारिश से आम लोगों को नुकसान भी हो रहा है.

प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
शहर अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान AQI
पटना 36.2 20.7 174
मुजफ्फरपुर 32.2 21.5 209
गया 37.6 19.8 161
पूर्णिया 32.2 21.2 162
भागलपुर 33.3 19.2 192

नोट- ये आंकड़े शुक्रवार के हैं.

बदलते मौसम में रखें सेहत का ख्याल
बिहार में जहां कभी तेज धूप और कभी अचानक बारिश हो रही है, जोकि सेहत के लिए काफी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे समय में खुद को सुरक्षित रखने के लिए यहां 5 महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए हैं:

हाइड्रेटेड रहें: तापमान बढ़ने के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है। दिन भर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। इसके अलावा नींबू पानी, नारियल पानी या ताजे फलों के रस का सेवन करें ताकि शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बना रहे.

खान-पान में सावधानी: बेमौसम बारिश और नमी के कारण बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं। बाहर के खुले भोजन या कटे हुए फलों से बचें। घर का बना ताजा और सुपाच्य भोजन ही लें। इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए अदरक, तुलसी और काली मिर्च का काढ़ा या चाय ले सकते हैं.

कपड़ों का सही चुनाव: धूप और गर्मी से बचने के लिए सूती और हल्के रंगों के कपड़े पहनें। चूंकि शाम को मौसम ठंडा हो सकता है या बारिश हो सकती है, इसलिए अपने साथ एक हल्का जैकेट या फुल आस्तीन के कपड़े रखें ताकि तापमान में अचानक होने वाले बदलाव से बचा जा सके.

एलर्जी और इन्फेक्शन से बचाव: बारिश के बाद अचानक होने वाली नमी से वायरल इंफेक्शन या सर्दी-खांसी का खतरा बढ़ जाता है। भीगने से बचें और अगर भीग जाएं तो तुरंत स्नान कर साफ कपड़े पहनें। घर के आसपास पानी जमा न होने दें ताकि मच्छरों से होने वाली बीमारियों से सुरक्षा मिल सके.

सन प्रोटेक्शन और छाता: घर से निकलते समय धूप का चश्मा और छाता साथ जरूर रखें। छाता आपको तेज धूप और अचानक होने वाली बारिश, दोनों से बचाने में मददगार साबित होगा.