बिहार में ज्वेलरी लूट के आरोपी पर पुलिस की कार्रवाई, घायल हुआ अपराधी
बिहार के सीवान में पुलिस की कार्रवाई
सीवान जिले के जीरादेई में पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। हाल ही में जामापुर बाजार में हुई लगभग 30 लाख रुपये की ज्वेलरी लूट के मामले में आरोपी को पुलिस ने हाफ एनकाउंटर में घायल कर दिया। घायल व्यक्ति की पहचान चांदपुर घुरघाट निवासी अंकित कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो सिसवन थाना क्षेत्र का निवासी है। बताया गया है कि अंकित 6 मई को जामापुर में एक सोने की दुकान में हुई लूट में शामिल था।
आरोपी के घुटनों में लगी गोली
पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी मैरवा थाना क्षेत्र के बड़का मांझा इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर हमला करने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिससे आरोपी के दोनों घुटनों में गोली लग गई। गोली आरपार हो गई और वह मौके पर ही घायल हो गया। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए पटना भेज दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है.
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। पुलिस का कहना है कि वे इस लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर रहे हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रहे हैं।
