बिजनौर में भाकियू नेता का विवादास्पद वीडियो वायरल, वनकर्मियों पर झूठा आरोप लगाने की साजिश

बिजनौर जिले में एक विवादास्पद वीडियो सामने आया है, जिसमें भारतीय किसान यूनियन के नेता मदन सिंह राणा वनकर्मियों पर झूठा आरोप लगाने की योजना बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया है और इससे कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। वन विभाग ने इस मामले में कार्रवाई की है और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। राणा का कहना है कि यह बयान केवल डराने के लिए था, जबकि पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
 | 

बिजनौर में विवादास्पद वीडियो का खुलासा

बिजनौर में भाकियू नेता का विवादास्पद वीडियो वायरल, वनकर्मियों पर झूठा आरोप लगाने की साजिश


Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने कानून व्यवस्था और किसान संगठनों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के एक जिला स्तरीय पदाधिकारी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. इसमें वह लकड़ी तस्करों को बचाने के लिए वनकर्मियों पर झूठा मुकदमा दर्ज कराने की योजना बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं.


इस वीडियो में भाकियू के जिला उपाध्यक्ष मदन सिंह राणा अपने कार्यकर्ताओं के साथ वन विभाग की टीम को घेरते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में वह स्पष्ट रूप से कहते हैं कि कोई सही महिला लाकर वनकर्मियों पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवा दो. उनका यह बयान उस समय आया जब वन विभाग की टीम अवैध लकड़ी के साथ पकड़े गए माफिया को ले जाने की कोशिश कर रही थी. वन विभाग ने इस वीडियो को सबूत के रूप में शासन और उच्चाधिकारियों को भेज दिया है.


लकड़ी तस्कर को बचाने की कोशिश

घटनाक्रम के अनुसार, बुधवार को वन विभाग की टीम ने अफजलगढ़ क्षेत्र में अवैध लकड़ी से भरी एक पिकअप वैन को रोका था. पकड़े जाने के डर से तस्करों ने मीरापुर चौराहे के पास लकड़ी खाली कर दी, लेकिन टीम ने आरोपी शमशेर और लखबीर सिंह को पकड़ लिया.


जैसे ही टीम आरोपियों को लेकर रवाना हुई, भाकियू जिला उपाध्यक्ष मदन सिंह राणा अपने समर्थकों के साथ रेहड़ के सेंटर चौराहे पर पहुंचे. वहां उन्होंने न केवल वनकर्मियों से गाली-गलौज की, बल्कि सरकारी काम में बाधा डालते हुए आरोपी शमशेर को जबरन छुड़ा लिया. बिजनौर के डीएफओ जय सिंह कुशवाहा ने इस कृत्य को चोरी के साथ सीनाजोरी करार दिया है.


पुलिस की कार्रवाई और मदन सिंह राणा का बयान

वीडियो के आधार पर अफजलगढ़ और रेहड़ थानों में तहरीर दी गई थी. अफजलगढ़ सर्किल के सीओ आलोक सिंह ने पुष्टि की है कि लकड़ी माफिया शमशेर, लखबीर सिंह और भाकियू नेता मदन सिंह राणा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.


इस विवाद पर मदन सिंह राणा का कहना है कि वह किसानों के हक की लड़ाई लड़ रहे हैं. उन्होंने तर्क दिया कि वनकर्मियों को डराने-धमकाने के लिए यह बात कही गई थी. हालांकि, पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने और झूठी साजिश रचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.


नोट- वीडियो में गाली होने के कारण इसे अपलोड नहीं किया गया है.