बलिया में स्कूलों में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक
बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध
बलिया, 9 अगस्त: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में सरकारी और सहायता प्राप्त प्राथमिक विद्यालयों में बिना अनुमति के बाहरी व्यक्तियों, यूट्यूबर और सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों ने रविवार को इस संबंध में जानकारी दी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनीष सिंह ने बताया कि इस आदेश को शुक्रवार को जारी किया गया।
उन्होंने कहा कि इस कदम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पढ़ाई में कोई बाधा न आए और शिक्षकों की पेशेवर गरिमा बनी रहे। सिंह ने कहा, "मेरी या सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के बिना किसी भी बाहरी व्यक्ति, यूट्यूबर या सोशल मीडिया चैनल से जुड़े व्यक्ति को विद्यालय परिसर में प्रवेश करने या फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी करने की अनुमति नहीं होगी।"
सिंह ने यह भी बताया कि ऐसे आदेश कई अन्य जिलों में भी लागू किए गए हैं। यह निर्देश बैरिया क्षेत्र में एक घटना के बाद आया है, जिसमें एक सोशल मीडिया चैनल ने एक वीडियो साझा किया था।
इस वीडियो में एक शिक्षक को विद्यालय में देर से पहुंचते हुए दिखाया गया था। सिंह ने कहा कि ऐसे यूट्यूबर और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं की गतिविधियों से पत्रकारों की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकृत मीडिया प्रतिनिधि उनसे या संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने के बाद विद्यालयों का दौरा कर सकते हैं।
