बरेली में शिक्षकों को गोवंश के लिए भूसा जुटाने का आदेश, नाराजगी बढ़ी
बरेली में शिक्षकों का नया फरमान
बरेली में शिक्षकों का वायरल पत्र: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शिक्षा विभाग का एक पत्र तेजी से वायरल हो रहा है। इस पत्र में शिक्षकों को स्कूलों की पढ़ाई के साथ-साथ सड़क पर घूमने वाले गोवंशों के लिए भूसा जुटाने की जिम्मेदारी दी गई है। नवाबगंज खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी इस पत्र ने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा बटोरी है। शिक्षकों को भूसा जुटाने के निर्देश मिलने के बाद, शिक्षक संगठनों और कर्मचारियों में असंतोष बढ़ गया है।
जिले की गोशालाओं में निराश्रित गोवंशों के लिए भूसा जुटाने का अभियान शुरू किया गया है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग को 1500 कुंतल भूसा जुटाने का लक्ष्य दिया है। इसके बाद बीएसए ने 15 खंड शिक्षा अधिकारियों को 100-100 कुंतल भूसा एकत्र करने की जिम्मेदारी सौंपी है। हर स्कूल को लगभग 46 किलो भूसा देने का निर्देश दिया गया है, ताकि निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा किया जा सके।
नवाबगंज खंड शिक्षा अधिकारी का पत्र वायरल
नवाबगंज ब्लॉक से जारी पत्र के वायरल होने के बाद मामला और गरमाया है। शिक्षकों से भूसा दान में सहयोग करने की अपील की गई है। जैसे ही यह पत्र व्हाट्सऐप ग्रुपों में पहुंचा, शिक्षकों में नाराजगी बढ़ने लगी। कई शिक्षकों का कहना है कि उनका मुख्य कार्य बच्चों को पढ़ाना है, लेकिन उन पर गैर शैक्षणिक कार्यों का बोझ बढ़ता जा रहा है।
शिक्षकों का कहना है कि पहले से ही उन पर चुनाव ड्यूटी, जनगणना, सर्वे, पोर्टल फीडिंग और अन्य सरकारी जिम्मेदारियां हैं। अब भूसा इकट्ठा करने का कार्य भी जोड़ दिया गया है। कई शिक्षकों ने यह भी कहा कि गांवों के स्कूलों में स्टाफ की कमी है और ऐसे आदेशों से पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
खंड शिक्षा अधिकारी के पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि भूसा नहीं जुटाया गया तो संबंधित स्कूलों से जवाब तलब किया जाएगा और कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसी कारण शिक्षकों में नाराजगी और बढ़ गई है। हालांकि, विभाग की ओर से किसी सख्त कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन वायरल पत्र के बाद चर्चाएं जरूर चल रही हैं। शिक्षक सत्येंद्र पाल सिंह ने बताया कि शिक्षकों को उनके मूल कर्तव्य से हटा कर अन्य कार्यों में लगाया जा रहा है। इस समय जनगणना में सभी शिक्षक लगे हुए हैं। इससे पहले उन्हें एसआईआर के कार्य में भी लगाया गया था.
मीरगंज के खंड शिक्षा अधिकारी अवनीश कुमार ने कहा कि डीएम के निर्देश पर शिक्षकों को एक पत्र दिया गया है। उन्हें बताया गया है कि वे निराश्रित गायों के लिए गौशाला में भूसा दान कर सकते हैं। इसमें यह नहीं कहा गया है कि भूसा दान नहीं करने पर उन पर कार्रवाई की जाएगी।
