बरेली में ऑनर किलिंग का मामला: पिता ने बेटी की हत्या की
बरेली में हुई क्रांति की हत्या
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के सिरौली थाना क्षेत्र के बरसेर गाँव में एक चौंकाने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। यहाँ एक पिता ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर अपनी बेटी क्रांति की गला दबाकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह हत्या बेटी के अपने प्रेमी से फोन पर बात करने के कारण हुई, जिससे पिता बेहद नाराज हो गया था.
घटना के बाद, आरोपी परिवार ने समाज में यह अफवाह फैलाई कि युवती की मौत अत्यधिक उल्टीदस्त के कारण हुई है। परिजन बिना किसी को जानकारी दिए शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच किसी ने पुलिस को मामले की गुप्त सूचना दे दी। सूचना मिलते ही सिरौली थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और अंतिम संस्कार को रोककर शव को अपने कब्जे में ले लिया.
जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तो रिपोर्ट में क्रांति की मौत का कारण गला दबाना बताया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की पुष्टि होने के बाद मृतका के चाचा ने थाने में तहरीर दी। चाचा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मृतका के पिता और दोनों भाइयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.
