प्रियंका गांधी को केरल हाईकोर्ट से समन, उपचुनाव परिणामों पर उठे सवाल

प्रियंका गांधी पर चुनावी याचिका का मामला
केरल उच्च न्यायालय ने भारतीय जनता पार्टी की नेता नव्या हरिदास द्वारा दायर एक चुनावी याचिका पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को समन जारी किया है।
प्रियंका गांधी ने 2024 में वायनाड उपचुनाव में नव्या हरिदास को हराकर जीत हासिल की थी। इस याचिका में नवंबर 2024 में हुए उपचुनाव के परिणामों को चुनौती दी गई है, जिसमें प्रियंका और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने परिवार की संपत्तियों के बारे में जानकारी छिपाई। याचिका में वायनाड उपचुनाव में उनकी जीत को अमान्य घोषित करने की मांग की गई है। केरल उच्च न्यायालय के जस्टिस के बाबू ने इस मामले की सुनवाई करते हुए प्रियंका गांधी को नोटिस जारी किया। याचिका में प्रियंका पर कथित भ्रष्ट आचरण और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा की कई संपत्तियों को छिपाने का आरोप भी लगाया गया है।
याचिका के अनुसार, प्रियंका गांधी ने रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष दाखिल अपने हलफनामे में रॉबर्ट वाड्रा के कई निवेशों और चल संपत्तियों का विवरण छिपाया है। फिलहाल, कोर्ट ने मामले की सुनवाई को अगस्त 2025 तक के लिए स्थगित कर दिया है।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली से चुनाव जीतने के बाद वायनाड सीट से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद 13 नवंबर को इस सीट के लिए उपचुनाव हुए थे। प्रियंका गांधी वाड्रा ने यह चुनाव 4,10,931 वोटों के अंतर से जीता था। नतीजे आने के बाद दिसंबर में नव्या हरिदास ने वायनाड लोकसभा उपचुनाव में प्रियंका गांधी की जीत को चुनौती देते हुए केरल हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।