प्रधानमंत्री मोदी की अपील: हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए बनाएं वीडियो
हथकरघा दिवस पर प्रधानमंत्री की अपील
नई दिल्ली, 6 अगस्त: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को जनता से आग्रह किया कि वे हथकरघा उत्पादों को खरीदें और इनकी विशेषताओं को उजागर करने के लिए वीडियो बनाएं। ‘हथकरघा दिवस’ की पूर्व संध्या पर, मोदी ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने कहा कि इस दिन का आयोजन देश के बुनकरों और छोटे व्यापारियों के लिए सहायक होगा। उन्होंने कहा, ‘‘कल 7 अगस्त है, जब हम राष्ट्रीय हथकरघा दिवस मनाते हैं।
आइए, भारत के हथकरघा की विविधता को लोकप्रिय बनाएं। अपने पसंदीदा हथकरघा उत्पादों के वीडियो बनाएं, जैसे ‘गेट रेडी विद मी’ (मेरे साथ तैयार हों) और उन्हें सोशल मीडिया पर साझा करें।’’ उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 7 अगस्त, 1905 को अंग्रेजों के खिलाफ स्वदेशी आंदोलन की शुरुआत हुई थी, जिसने पूरे देश को एकजुट किया। मोदी ने कहा, ‘‘आप सभी ने हाल ही में ‘फ्रेंडशिप डे’ मनाया था।
मैं आपसे निवेदन करता हूं कि 7 अगस्त को हथकरघा दिवस को भी धूमधाम से मनाएं।’’ उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे छोटे वीडियो बनाकर ऑनलाइन साझा करें ताकि दुनिया का ध्यान हथकरघा उत्पादों की ओर आकर्षित किया जा सके। मोदी ने कहा कि इसका उद्देश्य भारत को आत्मनिर्भर बनाना और बुनकरों तथा छोटे उद्यमों को आर्थिक सहायता प्रदान करना है। उन्होंने कहा, ‘‘आइए, हथकरघा उत्पाद खरीदें और बुनकरों तथा छोटे व्यापारियों की मदद के लिए वीडियो बनाएं।
