प्रधानमंत्री मोदी का असम दौरा: विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
प्रधानमंत्री मोदी का असम दौरा
असम में विधानसभा चुनावों की तैयारी के बीच, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकास कार्यों की गति को तेज कर दिया है। अपने दो दिवसीय असम दौरे के अंतिम दिन, प्रधानमंत्री आज सिलचर में 23,550 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और भूमि पूजन करेंगे।
पूर्वोत्तर का पहला नियंत्रित-प्रवेश ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
आज के दौरे का मुख्य आकर्षण शिलांग-सिलचर गलियारा परियोजना है। 22,860 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 166 किलोमीटर लंबा गलियारा पूर्वोत्तर का पहला ऐसा एक्सप्रेसवे होगा जिसमें प्रवेश और निकास नियंत्रित होगा। इस गलियारे से मेघालय और असम के बीच संपर्क में महत्वपूर्ण सुधार होगा। इससे गुवाहाटी और सिलचर के बीच की दूरी कम होगी, जिससे यात्रा का समय 8.5 घंटे से घटकर लगभग पांच घंटे रह जाएगा। यह क्षेत्र में आर्थिक विकास और सीमा पार व्यापार को बढ़ावा देगा।
सिलचर में नए परियोजनाओं का भूमि पूजन
प्रधानमंत्री कैपिटल प्वाइंट के पास ट्रंक रोड से सिलचर के रंगिरखारी प्वाइंट तक एनएच-306 पर बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर (चरण-1) का भूमि पूजन भी करेंगे। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से सिलचर की व्यस्त सड़कों पर ट्रैफिक कम होगा और मिजोरम, त्रिपुरा एवं मणिपुर जैसे पड़ोसी राज्यों से संपर्क में सुधार होगा, जिससे बराक घाटी के आर्थिक विकास में मदद मिलेगी।
कृषि महाविद्यालय की आधारशिला
इसके अलावा, प्रधानमंत्री करीमगंज जिले के पथारकंडी में एक नए कृषि महाविद्यालय की आधारशिला भी रखेंगे। मोदी ने शुक्रवार को गुवाहाटी पहुंचकर लगभग 24,250 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत की। इसके बाद, प्रधानमंत्री सिलचर से कोलकाता के लिए रवाना होंगे। असम और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव अप्रैल में होने की संभावना है।
