पुतिन ने यूक्रेन में ईस्टर के दौरान 32 घंटे का युद्धविराम घोषित किया

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में ‘ऑर्थोडॉक्स ईस्टर’ के अवसर पर 32 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की है। यह निर्णय यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के अनुरोध के बाद लिया गया है। पुतिन के आदेश के अनुसार, रूसी सेनाओं को शनिवार शाम से रविवार शाम तक युद्धविराम का पालन करना होगा। जेलेंस्की ने सुझाव दिया था कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद करें। जानें इस पर और क्या कहा गया है और यूक्रेन की प्रतिक्रिया क्या रही है।
 | 
gyanhigyan

युद्धविराम की घोषणा

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बृहस्पतिवार को यूक्रेन में ‘ऑर्थोडॉक्स ईस्टर’ के अवसर पर 32 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की। इससे पहले, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस खास मौके पर शत्रुता को कुछ समय के लिए रोकने का अनुरोध किया था।
पुतिन के आदेश के अनुसार, रूसी सेनाओं को शनिवार शाम चार बजे (स्थानीय समयानुसार) से रविवार शाम तक युद्धविराम का पालन करने का निर्देश दिया गया है।


जेलेंस्की ने सप्ताह की शुरुआत में सुझाव दिया था कि दोनों पक्ष छुट्टियों के दौरान एक-दूसरे के ऊर्जा बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद करें। उन्होंने यह प्रस्ताव अमेरिका के माध्यम से दिया था, जो रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थता कर रहा है। रूस-यूक्रेन युद्ध का यह पांचवा वर्ष है।
पुतिन की इस घोषणा पर यूक्रेन की ओर से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। पिछले ईस्टर पर पुतिन ने एकतरफा 30 घंटे का युद्धविराम घोषित किया था, लेकिन दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर इसके उल्लंघन का आरोप लगाया था।


क्रेमलिन द्वारा जारी बयान में युद्धविराम की घोषणा के दौरान कहा गया है कि ‘‘इस अवधि के दौरान सभी सीमाओं पर शत्रुता पर रोक के आदेश जारी किए गए हैं’’। साथ ही यह भी कहा गया है कि ‘‘सैनिकों को दुश्मन द्वारा किसी भी संभावित उकसावे और आक्रामक कार्रवाई का मुकाबला करने के लिए तैयार रहना होगा’’।
आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है, ‘‘हमें उम्मीद है कि यूक्रेनी पक्ष रूसी संघ के उदाहरण का अनुसरण करेगा।