पुणे रेलवे स्टेशन पर महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

महात्मा गांधी की प्रतिमा पर हमला
पुणे रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति को महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुँचाने के प्रयास में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का मानना है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर हो सकता है। यह जानकारी सोमवार को पुलिस द्वारा दी गई।
पुलिस ने बताया कि रविवार की रात को कुछ स्थानीय निवासियों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी की पहचान सूरज शुक्ला के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश का निवासी है।
पुलिस उपायुक्त (जोन 2) मिलिंद मोहिते ने कहा कि आरोपी के हाथ में एक कुल्हाड़ी थी, जिससे वह प्रतिमा को नुकसान पहुँचाने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, उसे मौके पर मौजूद लोगों ने पकड़ लिया।
मोहिते ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच अभी भी जारी है।
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अरविंद शिंदे ने आरोप लगाया कि आरोपी प्रतिमा के चबूतरे पर चढ़ गया था और उसने उसे क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हम इस घटना की कड़ी निंदा करते हैं और कांग्रेस कार्यकर्ता प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे।