पुणे जाने वाली इंडिगो उड़ान में आपातकालीन दरवाजे से छेड़छाड़ का मामला
इंडिगो फ्लाइट में आपातकालीन दरवाजे की छेड़छाड़
पुणे। दिल्ली से पुणे की यात्रा कर रही इंडिगो की एक उड़ान में एक यात्री द्वारा आपातकालीन दरवाजे के लीवर से छेड़छाड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना के कारण विमान में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। यह घटना फ्लाइट संख्या 6E6884 में सोमवार रात हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी यात्री की पहचान पुणे के निवासी गौरव सत्येंद्र रौतेला के रूप में हुई है, जो आपातकालीन दरवाजे के पास वाली सीट पर बैठा था।
विमान ने सोमवार रात लगभग 12:45 बजे उड़ान भरी और तड़के करीब 2:00 बजे पुणे हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड किया। टेकऑफ के कुछ समय बाद, यात्री ने आपातकालीन दरवाजे के लीवर पर लगे सुरक्षा कवर से छेड़छाड़ की, जिसके तुरंत बाद अलार्म बज उठा। घटना के बाद, विमान के क्रू मेंबर्स की तत्परता के चलते पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी पर लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं, जिससे विमान और अन्य यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कहा कि उसने यह कदम केवल जिज्ञासा के कारण उठाया था और उसे नहीं पता था कि यह लीवर आपातकालीन दरवाजे से जुड़ा है। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का कहना है कि उड़ान के दौरान आपातकालीन प्रणालियों से छेड़छाड़ करना सभी यात्रियों और चालक दल के लिए एक बड़ा खतरा हो सकता है। फिलहाल, आरोपी को नोटिस जारी किया गया है और आगे की कानूनी जांच जारी है।
