पार्षद प्रतिभा शर्मा ने स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान
स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आज वार्ड 87 के महादेव सर्किल, स्वेज फार्म में पार्षद प्रतिभा शर्मा ने सामूहिक श्रमदान का आयोजन किया। इस अभियान में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सफाई कर्मचारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
पार्षद प्रतिभा शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि यह एक स्वस्थ, सुंदर और विकसित समाज के निर्माण की नींव है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ वातावरण हर नागरिक का अधिकार है और यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है। उनका लक्ष्य वार्ड 87 को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है, जिसके लिए वे जनभागीदारी के साथ निरंतर प्रयास करेंगी।

महिला सफाई कर्मचारियों से बातचीत करते हुए प्रतिभा शर्मा ने उनके कार्यों की सराहना की और कहा कि सफाई कर्मचारियों की भूमिका शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके परिश्रम और समर्पण से ही स्वच्छता के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि वार्ड की स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस अभियान के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने वार्ड की गलियों, महादेव सर्किल और सार्वजनिक स्थलों पर झाड़ू लगाकर श्रमदान किया और एकत्रित कचरे को निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया। इसके साथ ही, आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आस-पास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा महेश नगर मंडल अध्यक्ष डीडी सैनी, वार्ड 87 अध्यक्ष विक्रम सिंह चौहान और अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।
