पाकिस्तान में पीर ने महिला के सिर में ठोकी कील, जान बची

पेशावर में एक महिला को बेटा पैदा करने का झांसा देकर एक दरगाह के पीर ने उसके सिर में 2 इंच लंबी कील ठोक दी। महिला की जान बचाने के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सर्जरी की। यह घटना उसके पति की धमकी के बाद हुई, जिसने कहा था कि अगर चौथी बार भी बेटी हुई, तो वह तलाक दे देगा। जानिए इस अजीबोगरीब मामले के बारे में और क्या हुआ महिला के साथ।
 | 
पाकिस्तान में पीर ने महिला के सिर में ठोकी कील, जान बची

पेशावर में अजीबोगरीब घटना

इस्लामाबाद: एक महिला को बेटा पैदा करने का झांसा देकर एक दरगाह के पीर ने उसके सिर में 2 इंच लंबी कील ठोक दी। इस सनकी हरकत के कारण महिला की जान जाते-जाते बची।


महिला की पहले से हैं तीन बेटियां

यह चौंकाने वाली घटना पाकिस्तान के पेशावर से सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, पेशावर में रहने वाली एक महिला की शादी के बाद तीन बेटियां हुईं। इस पर उसका पति अक्सर उसे ताने देता था। चौथी बार गर्भवती होने पर जब महिला ने अल्ट्रासाउंड कराया, तो उसमें भी बेटी ही निकली, जिससे वह चिंतित हो गई। पति ने भी धमकी दी कि अगर चौथी बार भी बेटी हुई, तो वह उसे तलाक दे देगा।


पीर का झांसा

इस स्थिति से परेशान होकर महिला एक दरगाह पर गई, जहां दरगाह के पीर ने उसे बताया कि अगर वह अपने सिर में कील ठोक लेगी, तो उसे बेटा होगा। महिला उसके झांसे में आ गई और कील ठोकने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद पीर ने उसके सिर में लगभग 2 इंच लंबी कील ठोक दी।


इलाज से बची जान

सिर में कील लगने के बाद महिला दर्द से तड़प उठी। उसने कील निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाई। फिर उसने किसी की मदद से लेडी रीडिंग हॉस्पिटल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत सर्जरी की। समय पर इलाज मिलने से उसकी जान तो बच गई, लेकिन सिर की नसों को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे वह सामान्य जीवन नहीं जी पाएगी। पुलिस ने मामले की जानकारी ली है और जांच जारी है।