पवन कल्याण की पत्नी ने गोद लिए एशियाई हाथी और रॉयल बंगाल टाइगर
विशाखापत्तनम में पशु गोद लेने की पहल
विशाखापत्तनम, 1 अगस्त: आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की पत्नी अन्ना कोनिडाला ने अपने जन्मदिन के अवसर पर इंदिरा गांधी प्राणी उद्यान में ‘पशु गोद लेने की योजना’ के तहत एक एशियाई हाथी और एक रॉयल बंगाल टाइगर को एक वर्ष के लिए गोद लिया है। प्राणी उद्यान की क्यूरेटर जी. मंगम्मा ने जानकारी दी कि अन्ना कोनिडाला ने इन दोनों पशुओं की देखभाल के लिए 6.30 लाख रुपये का योगदान दिया है। मंगम्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘इंदिरा गांधी प्राणी उद्यान अन्ना कोनिडाला का ‘एनिमल एडॉप्शन फैमिली’ में स्वागत करता है और उनके योगदान की सराहना करता है।’’
उन्होंने बताया कि अन्ना कोनिडाला ने एशियाई हाथी को गोद लेने के लिए 4.30 लाख रुपये और रॉयल बंगाल टाइगर के लिए 2 लाख रुपये का योगदान दिया है। क्यूरेटर ने कहा कि यह राशि दोनों पशुओं की देखभाल, पोषण, और उनके लिए बेहतर प्राकृतिक वातावरण सुनिश्चित करने में खर्च की जाएगी। इसके साथ ही, यह वन्यजीव संरक्षण के महत्व को भी बढ़ावा देगा। मंगम्मा ने कहा कि अन्ना कोनिडाला की यह पहल अन्य लोगों को भी अपने खास अवसरों को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ने के लिए प्रेरित करेगी।
मंगम्मा ने बताया कि चिड़ियाघर की ‘पशु गोद लेने की योजना’ के तहत व्यक्ति, परिवार, शैक्षणिक संस्थान, संगठन और कॉर्पोरेट संस्थाएं पशु कल्याण एवं वन्यजीव संरक्षण में योगदान कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस योजना के तहत दिया गया दान आयकर अधिनियम, 1961 की धारा 80जी(5) के तहत कर छूट का पात्र है।
