पंजाब में 'हमारे राम' नाटक का आयोजन, सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा
पंजाब सरकार का नया सांस्कृतिक कार्यक्रम
चंडीगढ़, तीन अगस्त: पंजाब सरकार ने राज्यभर में 'हमारे राम' नामक नाटक का आयोजन करने का निर्णय लिया है, जिसका उद्देश्य 'सनातन' के संदेश को आम जनता तक पहुंचाना है। पर्यटन और सांस्कृतिक मामलों के मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने सोमवार को इस पहल की जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से सभ्यतागत मूल्यों को बढ़ावा देना है, जिसमें भगवान राम के शाश्वत आदर्शों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इससे पहले, आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि भगवंत मान सरकार ने 'सनातन धर्म' के लिए अतीत की किसी भी सरकार से अधिक कार्य किए हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार लोगों की धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करती है। उन्होंने बताया कि 'हमारे राम' नाटक को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर, खासकर युवाओं के बीच, काफी सराहना मिली है और अब मान सरकार इसे पंजाब के लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेगी।
मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि नाटक के मंचन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी।
