पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायक की गोली लगने से हुई मौत
लुधियाना में विधायक की हत्या की जांच जारी
पंजाब से एक चौंकाने वाली खबर आई है, जहां आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी की गोली लगने से मृत्यु हो गई। यह घटना रात लगभग 12 बजे की है। गोली लगने की सूचना मिलने पर उन्हें लुधियाना के डीएमसी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने बताया है कि मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
गुरप्रीत गोगी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लुधियाना के डीसीपी जसकरन सिंह तेजा ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोगी के शव को अस्पताल के शवगृह में रखा गया है और पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। घटना की जानकारी मिलते ही उनके समर्थकों का जमावड़ा अस्पताल के बाहर लग गया।
गुरप्रीत गोगी की अचानक मृत्यु से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है। उनके समर्थक और करीबी लोग देर रात अस्पताल पहुंचे। गोगी आम आदमी पार्टी के हलका वेस्ट से विधायक थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार रात अपनी रिवाल्वर साफ कर रहे थे, तभी अचानक गोली चल गई, जो उनके सिर में लग गई। इस मामले को आत्महत्या से जोड़कर भी देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है।
