नोएडा में बैंक्विट हॉल में लिफ्ट गिरने से मची अफरातफरी, तीन पर मामला दर्ज
नोएडा में लिफ्ट दुर्घटना
बृहस्पतिवार रात नोएडा के सेक्टर-51 में एक बैंक्विट हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लिफ्ट अचानक गिर गई, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। इस घटना में कई लोग लिफ्ट के अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह सहित भाजपा के कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।
इस घटना के संबंध में बैंक्विट हॉल के संचालक समेत तीन व्यक्तियों के खिलाफ शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया। थाना सेक्टर-49 के प्रभारी निरीक्षक ग्राम प्रसाद शर्मा ने बताया कि यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल द्वारा ‘पांचवें व्यापारी कल्याण दिवस’ के अवसर पर आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात था।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कुछ लोग लिफ्ट के जरिए ऊपरी मंजिल से नीचे आ रहे थे, तभी लिफ्ट अचानक गिर गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ‘इमरजेंसी’ चाबी से लिफ्ट खोलकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस घटना में कुछ लोगों को हल्की चोटें आईं। शर्मा ने बताया कि सेक्टर-51 चौकी प्रभारी आशु चौधरी की शिकायत पर वेडिंग विला बैंक्विट हॉल के संचालक विनोद अरोड़ा और प्रबंधक अश्विनी शर्मा समेत तीन लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-289 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि लिफ्ट का नियमित रखरखाव नहीं किया गया था और वहां ‘लिफ्टमैन’ की तैनाती भी नहीं थी।
पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही बताया है, जिससे बड़ी दुर्घटना हो सकती थी। मामले की जांच जारी है। कार्यक्रम के आयोजक विकास जैन ने बताया कि दुर्घटना से पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह कार्यक्रम से रवाना हो चुके थे।
लिफ्ट में व्यापारी वर्ग के लोग और भाजपा के कुछ जिला स्तरीय नेता मौजूद थे।
