नीट प्रश्नपत्र लीक मामले में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई पर केंद्र का आश्वासन
प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने का आश्वासन
नई दिल्ली, 26 जुलाई: नीट प्रश्नपत्र लीक से संबंधित प्रदर्शन के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने के केंद्र के आश्वासन के बाद, आगे की कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकार से आधिकारिक दिशा-निर्देशों और सूचनाओं का इंतजार किया जा रहा है। यह जानकारी रविवार को दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने दी।
सूत्रों के अनुसार, 20 जुलाई को हुई हिंसा और उसके बाद के विरोध प्रदर्शनों से संबंधित घटनाओं के चलते नई दिल्ली के विभिन्न थानों में अब तक 15 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं।
कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रवक्ता सौरव दास और अभिषेक रांका के साथ एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को वापस लेने पर सहमत हो गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार तक सहमति से संबंधित मांगों पर लिखित आश्वासन दिया जाएगा। सूत्र ने कहा, 'हम सक्षम प्राधिकारी से दिशा-निर्देश और आधिकारिक सूचना मिलने के बाद कार्रवाई करेंगे।'
हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्राथमिकी वापस लेने की घोषणा का प्रभाव झड़पों के पीछे की कथित साजिश की जांच पर नहीं पड़ेगा। पुलिस घटनाओं के क्रम को समझने और हिंसा की योजना बनाने, उकसाने या उसमें शामिल संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल सबूत, मोबाइल फोन रिकॉर्ड और गवाहों के बयानों की जांच कर रही है।
पुलिस ने अपनी चेहरा पहचान प्रणाली (एफआरएस) का उपयोग करते हुए आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 2,500 से अधिक व्यक्तियों की पहचान की है। उन्होंने बताया कि 20 जुलाई को हुई झड़पों में 200 से अधिक पुलिसकर्मी और 70 प्रदर्शनकारी घायल हुए, जबकि कई सरकारी वाहनों और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा। सूत्रों ने कहा कि प्राथमिकी वापस लेने के प्रस्ताव के बावजूद साजिश की जांच जारी रहेगी और जांच के दौरान इकट्ठा किए गए सभी सबूतों की जांच मौजूदा जांच का हिस्सा होगी।
