नव मतदाताओं ने हरियाली अमावस्या पर लिया मतदान का संकल्प
मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
बारां। आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों के संदर्भ में, जिला निर्वाचन अधिकारी और जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा के नेतृत्व में ओंकार लाल नर्सिंग महाविद्यालय में अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस और हरियाली अमावस्या के अवसर पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
नव मतदाताओं ने मतदान का संकल्प लिया
सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने उपस्थित जनों को मतदान के महत्व के बारे में बताया और युवाओं को आगामी चुनावों में अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित किया। नव मतदाताओं को ईसीआई नेट ऐप डाउनलोड करने की प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
हरियाली अमावस्या पर ‘लोकतंत्र का पेड़’ लगाया गया
इस अवसर पर ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ थीम के तहत वृक्षारोपण किया गया, जिसमें पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश
कार्यक्रम में ईएलसी सदस्यों ने आकर्षक पोस्टर बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश फैलाया। इसके साथ ही, मानव श्रृंखला बनाकर मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। ईएलसी प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रियंका धानुक ने पहला और मुस्कान मीना ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
प्राचार्य केसरी लाल कुशवाहा ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रशिक्षणार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में कैंपस एंबेसडर प्रशांत नागर, ईएलसी अध्यक्ष हर्षवर्धन और उपाध्यक्ष उज्ज्वल जागीर सहित 20 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया गया है।
कार्यक्रम में सहायक प्रभारी ईएलसी मेहुल बर्ग, स्वीप सदस्य रामचरण मीणा, सहायक प्रोफेसर महेश शर्मा, आशीष नागर, दुर्गेश योगी, हर्षिता सुवालका सहित अन्य ईएलसी सदस्य भी उपस्थित रहे।
