नए साल पर वैष्णो देवी दर्शन: यात्रा गाइड, नियम और आसपास की जगहें

नए साल पर वैष्णो देवी के दर्शन की योजना बना रहे हैं? इस यात्रा गाइड में जानें मंदिर के नियम, दर्शन का समय, यात्रा पंजीकरण की प्रक्रिया और कटरा में घूमने की अन्य जगहों के बारे में। जानें कैसे पहुंचें और वीआईपी दर्शन के लिए क्या करना होगा। यह जानकारी आपके धार्मिक यात्रा को सुगम बनाएगी।
 | 

वैष्णो देवी मंदिर का परिचय

वैष्णो देवी का मंदिर एक विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल है, जो जम्मू और कश्मीर के कटरा नगर के पास त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित है। यह मंदिर लगभग 5200 फीट की ऊंचाई पर है और यहां माता वैष्णो देवी की तीन स्वयंभू मूर्तियां एक गुफा में देखी जा सकती हैं। इस पवित्र गुफा की लंबाई 98 फीट है।


नए साल पर यात्रा की तैयारी

यदि आप नए साल पर वैष्णो देवी की यात्रा करने का सोच रहे हैं, तो कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां आपके लिए आवश्यक हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए, श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यात्रा नियमों को सख्त कर दिया है। कटरा से भवन तक चढ़ाई और वापसी के नियमों में बदलाव किए गए हैं।


नए नियमों के अनुसार यात्रा

यात्रियों को RFID कार्ड मिलने के बाद, उन्हें 10 घंटे के भीतर कटरा से भवन की चढ़ाई शुरू करनी होगी। दर्शन के बाद, 24 घंटे के भीतर कटरा बेस कैंप लौटना अनिवार्य है। RFID कार्ड एक इलेक्ट्रॉनिक कार्ड है, जो यात्रा की जानकारी प्रदान करता है।


कैसे पहुंचे वैष्णो देवी?

माता वैष्णो देवी पहुंचने के लिए सबसे पहले जम्मू जाना होगा, जो देश के प्रमुख शहरों से हवाई, रेल और सड़क मार्ग से जुड़ा है। जम्मू से कटरा की दूरी 50 किलोमीटर है, जिसे टैक्सी, बस या ट्रेन से आसानी से तय किया जा सकता है। कटरा से भवन तक लगभग 13 किलोमीटर की पैदल यात्रा करनी होती है।


दर्शन का समय और आरती

मां वैष्णो देवी के दर्शन 24 घंटे उपलब्ध हैं, लेकिन आरती के समय मंदिर बंद रहता है। सुबह और शाम की आरती लगभग दो घंटे तक चलती है।


यात्रा पंजीकरण की प्रक्रिया

वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कोई सीधा 'दर्शन टिकट' नहीं होता, बल्कि आपको यात्रा पंजीकरण करवाना होता है। इसके लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण और RFID कार्ड लेना आवश्यक है।


वीआईपी दर्शन की व्यवस्था

वैष्णो देवी में वीआईपी दर्शन के लिए श्रद्धा सुमन विशेष पूजा (SSVP) पैकेज बुक किया जा सकता है। इसके अलावा, भारतीय सेना, नौसेना, वायु सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों के परिवार मुफ्त वीआईपी पास प्राप्त कर सकते हैं।


परिवार के लिए यात्रा गाइड

यदि आप पालकी या घोड़े की सवारी का विकल्प चुनते हैं, तो ये सवारी शुरुआती बिंदु और संजी छत पर उपलब्ध हैं। आप हेलीकॉप्टर सेवा भी ले सकते हैं। रास्ते में कई दुकानें और भोजनालय हैं, जहां प्रसाद, नाश्ता, और पेय मिलते हैं।


कटरा में घूमने की अन्य जगहें

चरण पादुका मंदिर: यह मंदिर वैष्णो देवी के पैरों के निशान के लिए प्रसिद्ध है।
पाटनीटॉप: यह जम्मू के खूबसूरत हिल स्टेशनों में से एक है।
त्रिकुटा पर्वत: यहां त्रिकुटाचल महादेव का शिव मंदिर है।
मानसर झील: यह एक खूबसूरत झील है, जो जंगल से घिरी हुई है।
गीता मंदिर: यह भी माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा में पड़ता है।