देवरिया में निर्माणाधीन पुल में आई दरार, सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
पुल निर्माण में आई दरार
देवरिया: हमीरपुर में हाल ही में हुए हादसे के बाद भी देवरिया का सेतु निगम कोई सबक नहीं ले रहा है। उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाले भाटपाररानी क्षेत्र में खंनुवा नदी पर बन रहे चखनी घाट पुल में एक गंभीर घटना होने से बच गई। लगभग ₹16 करोड़ की लागत से बन रहे इस पुल में अचानक एक लंबी दरार दिखाई दी, जिसके कारण पुल का एक हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। इस घटना के समय वहां काम कर रहे मजदूरों ने किसी तरह अपनी जान बचा ली।
स्थानीय लोगों की चिंताएं
पुल के निर्माण में इस तरह की दरार आने से निर्माण की गुणवत्ता और भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पुल का निर्माण घटिया और मानकविहीन सामग्री से किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गोरखपुर और लखनऊ की तकनीकी टीमें जांच के लिए मौके पर पहुंच चुकी हैं, और दरार वाले हिस्से को गिराने की योजना भी बनाई जा रही है.
सेतु निगम की लापरवाही
सेतु निगम के अधिकारी इस गंभीर लापरवाही पर मीडिया के सामने कुछ भी कहने से बच रहे हैं और अपनी कमियों को छुपाने में लगे हुए हैं। ग्रामीणों का मानना है कि सेतु निगम के अधिकारी शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं। इस मामले में जिला मजिस्ट्रेट (DM) ने संज्ञान लिया है और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.
