दुर्गापुर में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म: एक और आरोपी गिरफ्तार

दुर्गापुर में सामूहिक दुष्कर्म का मामला
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी चिकित्सा महाविद्यालय की छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मंगलवार शाम को उसके एक मित्र को गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इस घटना की जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में कुल आरोपियों की संख्या छह हो गई है।
पुलिस के अनुसार, जब पीड़िता मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर खाना लाने गई थी, तब आरोपी उसके साथ था। अधिकारी ने बताया कि मालदा निवासी इस मित्र के जवाब पुलिस को संदिग्ध लगे, जिसके चलते उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी पीड़िता के साथ शाम करीब 7:58 बजे कॉलेज परिसर से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बाद, उसे रात 8:42 बजे अकेले परिसर में लौटते हुए और कुछ समय बाद फिर बाहर जाते हुए देखा गया।
अधिकारी ने कहा कि फुटेज में पीड़िता और उसका सहपाठी रात करीब 9:29 बजे परिसर में प्रवेश करते हुए नजर आ रहे हैं। छात्रा के पिता ने पहले ही यह आरोप लगाया था कि उनके बेटी के दोस्त की इस अपराध में भूमिका हो सकती है।
इस मामले में पहले ही पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मूल रूप से ओडिशा की निवासी द्वितीय वर्ष की छात्रा के साथ शुक्रवार रात दुर्गापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज के बाहर कुछ लोगों ने कथित तौर पर बलात्कार किया था।