रायपुर: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिव्यांग नेमी सिंह को दी पेट्रोल स्कूटी
रायपुर
उपमुख्यमंत्री और कवर्धा विधायक विजय शर्मा की मानवीय पहल ने एक बार फिर दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता की दिशा में एक कदम आगे बढ़ाया है। विकासखंड बोड़ला के ग्राम सरेखा के निवासी, एक पैर से दिव्यांग श्री नेमी सिंह साहू को आज विधायक कार्यालय में पेट्रोल स्कूटी प्रदान की गई।
श्री साहू, जो एक कृषक परिवार से हैं, ने लगभग बारह वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना में अपना एक पैर खो दिया था। दिव्यांगता के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उनके लिए आवागमन बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया था।
अपनी समस्या के समाधान के लिए, श्री साहू ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से सहायता की मांग की थी। उनकी आवश्यकताओं और सामाजिक-आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए, उपमुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। आज, उपमुख्यमंत्री ने स्वयं उन्हें स्कूटी की चाबी सौंपी। स्कूटी पाकर श्री साहू की खुशी का कोई ठिकाना नहीं था। उन्होंने वर्षों बाद पहली बार स्कूटी चलाने का प्रयास किया, और उपमुख्यमंत्री ने उन्हें मार्गदर्शन भी किया।
भावुक श्री नेमी सिंह ने कहा कि अब उन्हें अपने दैनिक कार्यों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। यह स्कूटी उनके लिए केवल एक साधन नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उनके जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव लाएगी।
यह उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से कवर्धा विधानसभा क्षेत्र में 100 से अधिक दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं।
