दिल्ली में महिला ने पति पर उबलते पानी से किया हमला, कोर्ट ने दी जमानत
दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में अनोखा मामला
दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने पति के साथ ऐसा व्यवहार किया कि सुनकर हर कोई हैरान रह गया। महिला ने अपने पति पर उबलते पानी में मिलाए गए मिर्च के पाउडर को डाल दिया। जानिए, ऐसा करने के पीछे की वजह और अदालत ने उसे क्या सजा सुनाई।
नए साल का पहला दिन, 1 जनवरी 2025, दिल्ली के नांगलोई में रहने वाले एक दंपति ज्योति और उसके पति के लिए सामान्य नहीं रहा। आरोप है कि ज्योति ने अपने पति पर उबलता पानी डालते हुए कहा, 'तुझे तो जान से मारना है।' यह सुनकर पति चौंक गया।
महिला ने मोबाइल लेकर भागी
इसके बाद ज्योति ने और भी गंभीर कदम उठाए। उसने कमरे का दरवाजा बंद कर दिया और पति का मोबाइल फोन लेकर भाग गई, ताकि वह मदद न मांग सके। पति, जो दर्द में था, ने खिड़की तोड़कर मदद के लिए चिल्लाना शुरू किया। उसकी आवाज सुनकर मकान मालिक विकास वहां पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बताया कि पति को मामूली चोटें आई हैं।
ज्योति की दूसरी शादी का सच
घटना के बाद नांगलोई पुलिस स्टेशन में ज्योति के खिलाफ FIR दर्ज की गई। पुलिस ने मामले की जांच की और चार्जशीट दाखिल की। मामला तीस हजारी कोर्ट में पहुंचा, जहां अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सौरभ कुलश्रेष्ठ ने सुनवाई की। ज्योति के वकील ने कहा कि उसे झूठा फंसाया गया है और वह खुद घरेलू हिंसा की शिकार रही है। उन्होंने बताया कि ज्योति की पहली शादी टूट चुकी है और उसकी एक बेटी भी है।
दूसरी ओर, पति के वकील ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि ज्योति ने अपनी पहली शादी और बेटी की जानकारी अपने पति से छिपाई थी, जो उनके रिश्ते में धोखा था। उन्होंने कहा कि ज्योति का व्यवहार खतरनाक है और उसे जमानत देने से पीड़ित और गवाहों को खतरा हो सकता है।
जमानत का फैसला
9 जुलाई 2025 को कोर्ट ने ज्योति को 30,000 रुपये के चालान पर नियमित जमानत दी। जज सौरभ कुलश्रेष्ठ ने कहा कि मामले की परिस्थितियों को देखते हुए और यह सुनिश्चित करते हुए कि ज्योति पीड़ित या गवाहों को नुकसान न पहुंचाए, उसे जमानत दी जा सकती है। कोर्ट ने सख्त शर्तें भी लगाईं ताकि कोई गलत हरकत न हो।
