दिल्ली में बारिश से मौसम में आई राहत, ऑरेंज अलर्ट जारी
दिल्ली में बारिश का मौसम
बृहस्पतिवार की सुबह राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में तेज बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने दिनभर गरज के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना जताते हुए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो इस मौसम के औसत से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम है।
अधिकतम तापमान लगभग 32 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 84 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है। बोर्ड के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक को शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
