दिल्ली में कड़ाके की ठंड, तापमान गिरकर 2.9 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली में ठंड का कहर
राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा, जिससे इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह का अनुभव हुआ।
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में जनवरी 2023 के बाद से सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले, 16 जनवरी 2023 को तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था।
पालम में न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि लोधी मार्ग पर यह 3.4 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। रिज स्टेशन पर तापमान 4.5 डिग्री और आयानगर में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पालम में यह तापमान 2010 के बाद का सबसे कम रिकॉर्ड है। इससे पहले, 7 जनवरी 2013 को तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस तक गिरा था।
दिल्ली के सभी मौसम केंद्रों ने सामान्य से कम तापमान दर्ज किया है, जो शीत लहर की स्थिति को दर्शाता है। राष्ट्रीय राजधानी पिछले चार दिनों से शीत लहर की चपेट में है, और यह संभावना है कि यह अगले दिन भी जारी रहेगी। आज अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 349 दर्ज किया गया है, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, 0 से 50 के बीच का एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।
