दिल्ली पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया

दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए आठ संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 18 पिस्तौलें और कारतूस बरामद किए गए हैं। यह गिरोह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से हथियार खरीदकर दिल्ली-एनसीआर में अपराधियों को बेचता था। पुलिस ने कई हफ्तों की जांच के बाद आरोपियों को पकड़ा और उनके पास से विभिन्न प्रकार के अवैध हथियार बरामद किए। जानें इस मामले की पूरी जानकारी और गिरफ्तार आरोपियों के बारे में।
 | 
gyanhigyan

दिल्ली में हथियार तस्करी का खुलासा

नई दिल्ली, चार अगस्त: दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आठ संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 18 पिस्तौलें और कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को जानकारी दी कि ये आरोपी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से अर्धस्वचालित पिस्तौल और देसी तमंचे खरीदकर दिल्ली-एनसीआर और उसके आस-पास के अपराधियों को बेचने का काम कर रहे थे। विशेष प्रकोष्ठ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) एन. चैतन्य ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हरीश चंद्र (24), प्रीतपाल सिंह (24), शीशपाल सिंह उर्फ यश चौधरी (26), कुलदीप सागर (20), अगेश कुमार (25), नूर मोहम्मद उर्फ तसलीम (36), मोहम्मद शान (19) और विक्रम सिंह (36) शामिल हैं।


डीसीपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य तस्करों और खरीदारों के बीच संपर्क साधने के लिए सोशल मीडिया ऐप, 'वर्चुअल नंबर' और ऑनलाइन फर्जी पहचान का उपयोग करते थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियारों की तस्करी की गुप्त सूचना पर कई हफ्तों तक काम किया गया, जिसके बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से पिस्तौलें बरामद की गईं। अभियान के दौरान, पुलिस ने 12 अर्धस्वचालित पिस्तौल, पांच देसी तमंचे, एक रिवॉल्वर, 10 अतिरिक्त मैगज़ीन, पांच नौ एमएम के प्रतिबंधित कारतूस, एक अन्य कैलिबर का कारतूस और एक दरांती भी बरामद की।


डीसीपी ने कहा कि जांच की शुरुआत पांच जुलाई को हुई, जब हरीश चंद्र को मध्य प्रदेश से तस्करी कर लाई गई आठ अर्ध स्वचालित पिस्तौल और आठ मैगजीन के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान, उसने बताया कि वह और उसका भाई गिरोह के कथित सरगना शीशपाल सिंह के निर्देश पर अवैध हथियारों को ले जा रहे थे। उसके खुलासे के आधार पर, पुलिस ने प्रीतपाल सिंह को गिरफ्तार किया और बाद में हरियाणा के बल्लभगढ़ से शीशपाल को भी पकड़ लिया, जहां से एक और अवैध पिस्तौल बरामद की गई।


पुलिस के अनुसार, शीशपाल लगभग तीन वर्षों से अवैध हथियारों की तस्करी में संलग्न था और उसने कई राज्यों में एक नेटवर्क स्थापित किया था, जिसमें हथियारों की आपूर्ति करने वाले, तस्कर और उन्हें ले जाने वाले लोग शामिल थे। बयान में कहा गया है कि 15 जुलाई को विक्रम सिंह को गिरफ्तार किया गया और उसके घर से नौ एमएम के पांच कारतूस बरामद हुए। इसी तरह अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया और उनके पास से भी हथियार बरामद हुए।