दिल्ली पुलिस का बड़ा अभियान: 34 आपराधिक मामलों में 44 गिरफ्तारियां
दिल्ली पुलिस की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस ने उत्तर-पश्चिम जिले में 72 घंटे के भीतर चलाए गए एक अभियान में 34 आपराधिक मामलों में 44 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन भगोड़े अपराधी भी शामिल हैं। शुक्रवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी साझा की। उत्तर-पश्चिम दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जिले में सड़कों पर होने वाले अपराधों, संगठित आपराधिक गतिविधियों, साइबर धोखाधड़ी, अवैध शराब के कारोबार, जुए और आदतन अपराधियों पर कार्रवाई करना था.
लापता व्यक्तियों की खोज
पुलिस ने पांच लापता व्यक्तियों का पता लगाने का भी दावा किया है। इनमें चार नाबालिग और एक मानसिक रूप से अक्षम व्यक्ति शामिल हैं, जिन्हें सुरक्षित उनके परिवारों से मिला दिया गया है। डीसीपी यादव ने बताया कि महत्वपूर्ण मामलों में, टीमों ने अशोक विहार से 28 वर्षीय एक संदिग्ध चोर को गिरफ्तार किया, जिसके पास से चोरी के सोने-चांदी के गहने बरामद हुए.
लूट और झपटमारी के मामले
उन्होंने बताया कि चंदन उर्फ राहुल नामक आरोपी पर 34 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे खराब चरित्र का व्यक्ति घोषित किया गया है। सुभाष प्लेस थाने की टीम ने लूट की घटना के आठ घंटे के भीतर तीन आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने शिकायतकर्ता के लूटे गए पैसे, दस्तावेज और चोरी हुआ स्कूटर बरामद किया, साथ ही एक देसी कट्टा भी जब्त किया.
साइबर धोखाधड़ी के मामले
मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने एक संदिग्ध झपटमार को भी गिरफ्तार किया है, जिसके पास से चोरी के पांच मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि झपटमारी और चोरी के 10 मामलों में उसकी संलिप्तता पाई गई है, जबकि उस पर 41 आपराधिक मामले दर्ज हैं। यादव ने बताया कि जिले की साइबर टीम ने साइबर धोखाधड़ी के विभिन्न मामलों में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है.
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई
इनमें से एक आरोपी को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है, जिस पर विवाह संबंधी वेबसाइट के माध्यम से 14 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी और 'सेक्सटॉर्शन' का आरोप है। अधिकारी ने बताया कि दूसरे मामले का आरोपी घरेलू सहायक है, जिसने अपने नियोक्ता के खाते से ऑनलाइन माध्यम से अवैध तरीके से 4.1 लाख रुपये स्थानांतरित कर लिए थे। डीसीपी ने बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि जुए के मामलों में 10 लोगों को पकड़ा गया.
