दिल्ली की मुख्यमंत्री ने बिहार चुनाव में राजग की जीत पर दी बधाई
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का बधाई संदेश
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव की मतगणना के दौरान राजग की संभावित बड़ी जीत पर राज्य के निवासियों को विकास के मार्ग को चुनने के लिए बधाई दी।
एक कार्यक्रम में, मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली और बिहार के बीच गहरा संबंध है। उन्होंने कहा, 'दिल्ली और बिहार के लोगों को बधाई। रुझान यह दर्शाते हैं कि राजग जीत की ओर अग्रसर है... मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बिहार विकास की दिशा में आगे बढ़ेगा।'
बाद में, पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य ने विकास का मार्ग चुना है। उन्होंने कहा, 'हमारे प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास के रास्ते को चुनने के लिए बिहार के लोगों को मेरी शुभकामनाएं।' गुप्ता भाजपा शासित 14 राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं और उन्होंने भाजपा उम्मीदवारों के प्रचार के लिए राज्य का कई बार दौरा किया है।
भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बिहार में महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की है। राज्य की 243 विधानसभा सीटों में से 200 से अधिक सीटों पर राजग के उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। प्रारंभिक रुझानों से यह भी स्पष्ट हो रहा है कि भाजपा सबसे अधिक सीटें जीतने की दिशा में बढ़ रही है।
