दहेज के लिए प्रताड़ना का मामला: विवाहिता ने पति और ससुरालियों पर दर्ज कराया केस

दहेज के लिए प्रताड़ना का आरोप

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज के लिए प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। महिला ने आरोप लगाया कि उसकी सास उसे रोज कहती थी कि उसे अपने घर से और दहेज लाना चाहिए। सास ने यह भी कहा कि वह लड़की की तरह नहीं दिखती और उसका शरीर लड़कों जैसा है। इसी बात पर उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। अब पति उसे वापस रखने के लिए स्कॉर्पियो कार की मांग कर रहे हैं।
ससुरालियों द्वारा मारपीट
महिला ने बताया कि जब उसने ससुराल वालों से कहा कि उसके पिता इतनी बड़ी रकम नहीं दे सकते, तो उन्होंने उसे बंधक बनाकर पीटा। जब उसके परिवार को इस बारे में पता चला, तो उन्होंने उसे ससुराल से छुड़ाकर मायके ले आए। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत की, लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिली। अंततः कोर्ट के आदेश पर थाना ताजगंज में मामला दर्ज किया गया।
निकाह और दहेज की मांग
जानकारी के अनुसार, पीड़िता का निकाह 11 नवंबर 2024 को शिकारपुर, बुलंदशहर के आशिक मंसूरी से हुआ था। निकाह में 15 लाख रुपये खर्च हुए थे और मेहर के रूप में 50 ग्राम सोना तय किया गया था। सास नाजरीन और ससुर शमीम दहेज से संतुष्ट नहीं थे और बार-बार दहेज की मांग करते थे।
तीन तलाक का नोटिस
पीड़िता ने बताया कि उसके पति ने पहले अपने वकील के माध्यम से तीन बार तलाक देने के दो नोटिस भेजे। इसके बाद, 10 फरवरी 2025 को अपने रिश्तेदारों के सामने तीन बार तलाक बोल दिया। पति ने कहा कि पहले दो लाख रुपये और स्कॉर्पियो लाओ, तभी वह उसे रखेंगे। पीड़िता ने पुलिस की अनसुनी के बाद न्यायालय का सहारा लिया। इंस्पेक्टर ताजगंज जसवीर सिरोही ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।