दही भल्ले बनाने की आसान विधि: घर पर बनाएं सॉफ्ट और स्पंजी
दही भल्ला रेसिपी
उत्तर भारत में चाट प्रेमियों की कोई कमी नहीं है, और दही भल्ला एक बेहद पसंदीदा डिश मानी जाती है। इसे खास अवसरों, जैसे शादी, पार्टी या पारिवारिक समारोह में बड़े चाव से बनाया और खाया जाता है। ठंडा दही, खट्टी-मीठी चटनी और मुलायम भल्लों का स्वाद एक अद्भुत अनुभव प्रदान करता है। हालांकि, जब लोग घर पर दही भल्ले बनाते हैं, तो अक्सर उन्हें यह चिंता रहती है कि उनके भल्ले बाजार के जैसे नरम और स्पंजी नहीं बनते।
सामग्री
1 कप उड़द दाल (भीगी हुई)
¼ कप मूंग दाल (भीगी हुई)
नमक स्वादानुसार
फिलिंग के लिए सामग्री
4 हरी मिर्च
3 चम्मच बादाम
3 चम्मच काजू
3 चम्मच किशमिश
1 इंच अदरक
भिगोने के लिए
1 चम्मच चीनी
½ चम्मच काला नमक
½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ चम्मच इमली का पानी
गुनगुना पानी
गार्निश के लिए सामग्री
फेंटा हुआ दही
इमली की चटनी
लाल मिर्च पाउडर
भुना हुआ जीरा पाउडर
नमक स्वादानुसार
हरी चटनी
अनार दाने
सेव
हरे धनिया
बनाने का तरीका
पहले भीगी हुई उड़द और मूंग दाल को नमक डालकर मिक्सर में पीस लें। फिर इस मिश्रण को एक बड़े बर्तन में निकालें। अब बारीक कटी हुई हरी मिर्च, बादाम, काजू, किशमिश और अदरक को अच्छे से मिलाकर स्टफिंग तैयार करें। फिर पीसी हुई दाल से भल्ले बनाएं और इसमें स्टफिंग भरें।
अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और भल्लों को सुनहरा भूरा होने तक डीप फ्राई करें। जब वड़े तल जाएं, तो उन्हें ठंडा होने दें। फिर एक बाउल में चीनी, काला नमक, लाल मिर्च पाउडर, इमली की चटनी और गुनगुना पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसमें भल्लों को 1-2 घंटे के लिए भिगो दें ताकि वे नरम और स्पंजी हो जाएं।
भीगे हुए भल्लों को हल्के हाथों से दबाकर अतिरिक्त पानी निकालें। फिर एक प्लेट में रखें और ऊपर से फेंटा हुआ दही डालें। इसके बाद इमली की चटनी, हरी चटनी, लाल मिर्च पाउडर, भुना जीरा पाउडर और स्वादानुसार नमक छिड़कें। अंत में अनार के दाने, सेव और हरा धनिया डालकर सजाएं।
सॉफ्ट बनाने का तरीका
दही भल्ले बनाने के लिए दाल को कम से कम 6-7 घंटे तक भिगोकर रखें। ध्यान रखें कि इसे पीसते समय ज्यादा पानी न मिलाएं, क्योंकि इससे दही भल्ले खराब हो सकते हैं। इन्हें सॉफ्ट बनाने के लिए दाल को पीसने के बाद अच्छी तरह से फेंटना आवश्यक है। चेक करने के लिए आप मिश्रण को पानी में डाल सकते हैं; यदि यह ऊपर तैरने लगे, तो इसका मतलब है कि बैटर सही तरीके से फेंट लिया गया है।
