डॉ. सूर्यकांत को मिली टीबी ICU विशेषज्ञ समिति की अध्यक्षता
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की नई उपलब्धि
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ने एक और महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। यहाँ के डॉ. सूर्यकांत को 'टीबी आईसीयू राष्ट्रीय विशेषज्ञ समिति' का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यह समिति केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत कार्य करेगी। डॉ. सूर्यकांत की अध्यक्षता में, यह समिति देशभर के मेडिकल कॉलेजों में गंभीर टीबी मरीजों के उपचार के लिए मानक संचालन प्रक्रियाएँ (SOP) और नई गाइडलाइंस विकसित करेगी। इस पहल से मेडिकल कॉलेजों में टीबी आईसीयू की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
टीबी मुक्त भारत मिशन में योगदान
डॉ. सूर्यकांत को यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए दी गई है। उन्होंने ड्रगरेजिस्टेंट टीबी के क्षेत्र में भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है और व्यक्तिगत रूप से 500 से अधिक टीबी मरीजों का सफल उपचार किया है।
इस उपलब्धि पर KGMU की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानन्द ने उन्हें बधाई दी और कहा कि यह न केवल विश्वविद्यालय के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। डॉ. सूर्यकांत की विशेषज्ञता से देश को 'टीबी मुक्त भारत' के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
