डॉ. रोहित गुप्ता ने बायतू पंचायत समिति में ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया
ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण
जयपुर। बाड़मेर जिले के प्रभारी सचिव डॉ. रोहित गुप्ता ने सोमवार को बायतू पंचायत समिति के सेवानियाला गांव में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे जन कल्याणकारी योजनाओं और शिविर में उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे आम जनता की समस्याओं का समाधान गुणवत्तापूर्ण और समय पर करें।
डॉ. गुप्ता ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त मामलों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर प्रदान करना है। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाना चाहिए।
शिविर के दौरान, मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के तहत किशनाराम और भूराराम को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत फरसाराम को व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के लिए स्वीकृति आदेश दिया गया। मंगल पशु बीमा योजना के तहत मंगलाराम, हरियो देवी और रामू देवी को बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया।
उप जिला अस्पताल का निरीक्षण
डॉ. रोहित गुप्ता ने बायतू के उप जिला अस्पताल का निरीक्षण किया और चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लेते हुए चिकित्सकीय व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुर्वेदिक चिकित्सालय में पौधरोपण
डॉ. गुप्ता ने राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय परिसर में पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया।
