झारखंड में मां के प्रेमी की हत्या: युवक ने किया शर्मनाक कृत्य
चतरा जिले में हत्या का मामला
झारखंड के चतरा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को कलंकित कर दिया है। लावालांग थाना क्षेत्र के तुंगुन गांव में एक युवक ने अपनी मां के कथित प्रेमी की हत्या कर दी और शव को जंगल में दफना दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान गुड्डू मुंडा के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी राकेश मुंडा अपनी मां और गुड्डू के बीच के कथित प्रेम संबंधों से नाराज था, जिसके चलते उसने अपने तीन दोस्तों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
एसडीपीओ (सिमरिया) नगरगोजे शुभम भाऊ साहब ने बताया कि 30 मार्च को आरोपी और उसके साथी माधनिया घाटी में पहले से घात लगाकर बैठे थे। जब गुड्डू मुंडा बस से गुजर रहा था, तो उसे जबरन नीचे उतार लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पिटाई की और जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव को गड्ढे में दफना दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
इस मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक के पिता ने बेटे के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपी महेश गंझू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या और शव दफनाने की पूरी जानकारी दी। पुलिस ने महेश, नितेश कुमार और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मुख्य आरोपी राकेश मुंडा की तलाश जारी है।
