झारखंड में अंधविश्वास के चलते हत्या: तीन आरोपी गिरफ्तार
झारखंड में हत्या का मामला
झारखंड हत्या प्रकरण: झारखंड के सरायकेला जिले के चौका थाना क्षेत्र में एक हत्या की घटना में पुलिस ने सोयना मुंडा के भाई और उसके दो भतीजों को गिरफ्तार किया है। जांच में यह सामने आया कि 57 वर्षीय सोयना मुंडा की हत्या अंधविश्वास और जादू-टोना के चलते की गई थी। यह घटना 6 नवंबर को ग्राम मुटुदा में हुई, जहां मृतक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला था। घटना के बाद, सोयना मुंडा के भाई हागड़ो मुंडा ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ चौका थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस के अनुसार, हागड़ो मुंडा ने अपने दो भतीजों पगला मुंडा और मोहन मुंडा के साथ मिलकर सोयना मुंडा की हत्या की। जांच में पता चला कि यह हत्या डायन-भूत और अंधविश्वास के कारण हुई थी। आरोपियों को यह विश्वास था कि सोयना मुंडा उनके परिवार पर 'काला जादू' कर रहा है, जिसके चलते उन्होंने मिलकर उस पर हमला किया।
घटना के बाद, तीनों आरोपियों ने हत्या को बाहरी हमले के रूप में पेश करने के लिए पुलिस में झूठी शिकायत दर्ज कराई। शुक्रवार को पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान, मोहन मुंडा ने हत्या में प्रयुक्त हथियार की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लकड़ी के हत्थे वाला लोहे का फरसा बरामद किया, जिसका उपयोग हत्या में किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
