झांसी में अनोखी विदाई: दुल्हन के लिए बुलाए गए 12 बुलडोजर

झांसी में दुल्हन की विदाई का अनोखा तरीका
झांसी समाचार: आपने अक्सर हैलीकॉप्टर, महंगी गाड़ियों या बैलगाड़ियों से दुल्हन की विदाई देखी होगी, लेकिन झांसी में एक अनोखी विदाई हुई जिसमें 12 बुलडोजर शामिल थे। इस अद्वितीय विदाई को देखकर हर कोई हैरान रह गया और वीडियो बनाने लगा। इस विदाई समारोह का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के आजाद नगर में मुन्नीलाल यादव के तीन बेटे हैं। सबसे छोटे बेटे राहुल की करिश्मा से 20 फरवरी को शादी हुई। विदाई को खास बनाने के लिए अचानक समारोह स्थल पर दर्जनभर बुलडोजर पहुंच गए, जिन्हें देखकर सभी चौंक गए। बाद में पता चला कि ये बुलडोजर दुल्हन को विदा कराने के लिए आए हैं।
इस अनोखी विदाई को देखने के लिए भीड़ जुट गई। जैसे ही विदाई का काफिला सड़क पर निकला, यह लोगों का ध्यान आकर्षित करने लगा। इस शादी को 'बुलडोजर वाली शादी' का नाम दिया गया। दुल्हे के चाचा रामकुमार ने बताया कि 'यूपी में बाबाजी का बुलडोजर काफी प्रसिद्ध है, इसलिए उन्होंने इसे यादगार बनाने के लिए बुलडोजर से विदाई कराई।'
दुल्हा राहुल ने कहा, "सभी को यह अच्छा लग रहा था, इसलिए बुलडोजर को विदाई में शामिल किया गया।" वहीं, दुल्हन करिश्मा ने कहा कि उसे बहुत अच्छा लगा कि उसकी विदाई में बुलडोजर शामिल हुए।