जर्मनी में बाल रोग विशेषज्ञ पर बच्चों के यौन शोषण के 130 आरोप
जर्मनी के ब्रैंडेनबर्ग में गंभीर आरोप
डिजिटल डेस्क। जर्मनी के ब्रैंडेनबर्ग राज्य से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बाल रोग विशेषज्ञ पर बच्चों के यौन शोषण और बलात्कार के 130 गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पॉट्सडैम के सार्वजनिक अभियोजन कार्यालय के अनुसार, आरोपी डॉक्टर 'हवेललैंड क्लिनिकेन' समूह के अंतर्गत राथेनो और नौएन के क्लीनिकों में कार्यरत था।
12 वर्षों तक चलाया कुकृत्य
आरोपों के अनुसार, इस चिकित्सक ने पिछले 12 वर्षों में कई बच्चों को अपनी हवस का शिकार बनाया। चौंकाने वाली बात यह है कि अधिकांश अपराध उसने अपनी ड्यूटी के दौरान अस्पताल परिसर में ही किए। 46 वर्षीय डॉक्टर की गिरफ्तारी तब हुई जब राथेनो अस्पताल में एक मरीज की मां ने उस पर संदेह किया और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस ने जब्त किए डेटा डिवाइस
गिरफ्तारी के बाद, पुलिस ने डॉक्टर के पास से कई डेटा स्टोरेज डिवाइस जब्त किए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। आरोपी वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है। उस पर 6 मई को औपचारिक रूप से आरोप तय किए गए थे, जिन्हें बुधवार को सार्वजनिक किया गया। अब पॉट्सडैम की क्षेत्रीय अदालत इस मामले की सुनवाई करेगी।
फ्रांस के मामले की याद दिलाता है
यह मामला फ्रांस के कुख्यात सेवानिवृत्त सर्जन 'जोएल ले स्काउर्नेक' की याद दिलाता है, जिसे मई 2025 में 20 साल की सजा सुनाई गई थी। स्काउर्नेक ने 1989 से 2014 के बीच लगभग 298 बच्चों के साथ यौन शोषण की बात कबूल की थी। जर्मनी के इस ताजा मामले में भी पीड़ितों की संख्या बढ़ सकती है, फिलहाल जांच जारी है।
