जबलपुर में बुजुर्ग महिला से लूट: CCTV में कैद हुई पूरी घटना
जबलपुर में लूट की वारदात
जबलपुर लूट का वीडियो: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा खितौला में लुटेरों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि वे अब दिन के उजाले में ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। हालिया घटना में, बाइक पर सवार दो बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला को सुरक्षा का झांसा देकर पहले बातों में उलझाया और फिर उसके लाखों रुपये के सोने के गहने लूटकर फरार हो गए। यह पूरी घटना इलाके में लगे एक CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह घटना खितौला थाना क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास हुई। 60 वर्षीय लक्ष्मी पटेल, जो अपने घर के बाहर मवेशियों का कचरा फेंकने जा रही थीं, तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए। बाइक पर पीछे बैठा युवक मास्क पहने हुए था। बदमाशों ने पहले महिला को रोककर किसी अनजान पते के बारे में पूछताछ की। जैसे ही महिला ने उन्हें रास्ता बताना शुरू किया, बदमाशों ने उसे डराना शुरू कर दिया।
बदमाशों ने महिला से सहानुभूति जताते हुए कहा, 'माता जी, आजकल जमाना बहुत खराब है, आपने इतना सोना क्यों पहन रखा है। इसे उतारकर संभाल लीजिए वरना कोई लूट लेगा।' लुटेरों की बातों में आकर बुजुर्ग महिला घबरा गई और सुरक्षा के लिहाज से अपना मंगलसूत्र और सोने की अंगूठी उतार दी। जैसे ही महिला ने गहने हाथ में लिए, बदमाशों ने अपनी अगली चाल चली। उन्होंने महिला के जेवरों को देखते हुए कहा, 'ये तो नकली लग रहे हैं, जरा दिखाओ।' महिला जैसे ही उन्हें सफाई देने लगी और गहने दिखाने के लिए हाथ आगे बढ़ाया, बाइक स्टार्ट कर रहे बदमाशों ने पलक झपकते ही जेवर झपटे और तेजी से फरार हो गए। महिला जब तक कुछ समझ पाती और शोर मचाती, आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे।
गहनों की कीमत लाखों में
बताया जा रहा है कि छीने गए सोने के मंगलसूत्र और अंगूठी की कीमत लाखों रुपये है। इस दिनदहाड़े हुई वारदात से सिहोरा और खितौला क्षेत्र के निवासियों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
आरोपियों की पहचान की जा रही
सूचना मिलते ही खितौला थाना प्रभारी रमन सिंह मरकाम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली है। 1 मिनट 47 सेकंड के एक वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपियों ने महिला को बातों में उलझाया और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि हमने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों का हुलिया और बाइक की पहचान की जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए सक्रिय कर दी गई हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
