छत्तीसगढ़ में बांध टूटने से आई बाढ़, चार की मौत और तीन लापता

बांध टूटने से बाढ़ का कहर
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक छोटे बांध के टूटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे चार लोगों की जान चली गई और तीन अन्य लापता हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी।
जिलाधिकारी राजेंद्र कटारा ने बताया कि भारी बारिश के बाद धनेशपुर गांव में स्थित लुटी (सतबाहिनी) बांध में मंगलवार रात दरार आ गई।
1980 के दशक में बने इस जलाशय से पानी आसपास के घरों और खेतों में भर गया, जिससे बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।
जिलाधिकारी ने कहा, 'एक महिला और उसकी सास सहित चार लोगों की उस समय मौत हो गई जब वे अपने घरों में सो रहे थे। तीन लोग अब भी लापता हैं और उनकी खोज जारी है।'
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर नजर रख रही है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कई मवेशियों की भी जान गई और मकान तथा फसलें भी बर्बाद हो गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए यह स्थिति अत्यंत दुखद है। उन्होंने जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय अधिकारियों को राहत कार्य जारी रखने और घायलों के उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, उन्होंने मृतकों के परिजनों और अन्य प्रभावितों के लिए अनुग्रह सहायता स्वीकृत करने, नुकसान का आकलन करने और प्रभावित परिवारों को अस्थायी आश्रय, खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।