चिराग पासवान ने पश्चिम बंगाल चुनाव में भाजपा की जीत का किया दावा
पश्चिम बंगाल में भाजपा की संभावित जीत
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संभावित ‘‘बड़ी जीत’’ का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की जनता तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी के ‘‘हिंसक, भ्रष्ट और तानाशाही’’ शासन से थक चुकी है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष पासवान ने पटना में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल के लोग ममता बनर्जी के तानाशाही और भ्रष्ट शासन से मुक्ति पाने के लिए मतदान करेंगे।’’
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के व्यापक चुनाव प्रचार ने लोगों में विश्वास जगाया है। यह बयान पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से एक दिन पहले आया है।
पासवान ने आगे कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि चार मई को जिन पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम आने वाले हैं, उन सभी में राजग बड़ी जीत की ओर बढ़ रहा है। आप मेरी बात नोट कर लीजिए। मैं कोई अनुमान नहीं लगा रहा हूं।’’
उन्होंने असम, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, केरल और तमिलनाडु के चुनावों का संदर्भ देते हुए यह टिप्पणी की।
हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पासवान से दिल्ली में हाल ही में हुई एक घटना के बारे में भी पूछा गया, जिसमें बिहार के एक व्यक्ति की कथित तौर पर एक पुलिस कांस्टेबल द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव समेत विपक्षी नेताओं ने आरोप लगाया है कि दिल्ली जैसे भाजपा शासित क्षेत्रों में बिहार के लोगों के खिलाफ ‘‘घृणा आधारित अपराध’’ हो रहे हैं।
इस पर पासवान ने कहा, ‘‘हम सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी के रूप में यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि किसी के साथ भेदभाव न हो और प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र का अक्षरशः पालन हो।’’
उन्होंने यादव पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘ऐसे नेता ही बिहार की छवि को खराब करते हैं। दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार के दौरान वह सिर्फ यह साबित करने के लिए बिहार की बुराई करते हैं कि भाजपा ने राज्य को बर्बाद कर दिया है। ऐसे लोगों को शिकायत करने का कोई अधिकार नहीं है।’’
इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) में घटक राजद के नेता ने केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में अपने सहयोगी दलों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया है।
