ग्वालियर में किशोरी की हत्या: गैंगरेप की आशंका, शव बरामद
ग्वालियर में किशोरी के साथ बर्बरता का मामला
ग्वालियर: जिले में एक 15 वर्षीय किशोरी के साथ हुई बर्बरता का मामला सामने आया है। पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी का जलाया हुआ शव बरामद किया है। यह शव भिंड के मौ क्षेत्र से लापता हुई किशोरी का हो सकता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, किशोरी की हत्या से पहले उसके साथ गैंगरेप किया गया था। 28 मई को भिंड जिले के मौ क्षेत्र से यह किशोरी लापता हुई थी, जिसके बाद उसके परिवार ने मौ थाना पुलिस को सूचित किया था। तब से पुलिस उसकी खोज में जुटी थी।
क्षत-विक्षत शव की पहचान
ग्वालियर के सीएसपी मनीष यादव ने बताया कि, "सोमवार शाम को ग्वालियर के गोल पहाड़िया क्षेत्र में एक नाबालिग का क्षत-विक्षत शव मिला। इसकी पहचान के लिए भिंड की मौ थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। मौ पुलिस ने बताया कि, उनकी क्षेत्र की एक किशोरी हाल ही में लापता हुई थी। संदेहियों की मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने पर घटनास्थल के आसपास मिली थी, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि बरामद शव उसी किशोरी का है।"
भिंड पुलिस की जांच में नया मोड़
सीएसपी मनीष यादव ने कहा कि यह शव भिंड पुलिस को उनकी जांच के दौरान मिला। भिंड पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही प्रेमी रामू गुर्जर को ग्वालियर से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ किशोरी के संपर्क में था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की मोबाइल लोकेशन के आधार पर गोल पहाड़िया क्षेत्र में सर्चिंग की और किशोरी का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
गैंगरेप की संभावना
पुलिस ने बताया कि जब उन्होंने रामू और उसके दो साथियों से कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने किशोरी के घर से भागने और कुछ जेवरात ले जाने की बात स्वीकार की। हालांकि, पुलिस को सामूहिक दुष्कर्म की भी आशंका है। शव बुरी तरह जल चुका है, जिससे पहचान में कठिनाई हो रही है। इसलिए, शव का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा ताकि पहचान स्पष्ट हो सके। फिलहाल, ग्वालियर और मौ पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
