गुरुग्राम: दिल्ली के निकट स्थित गुरुग्राम में एक गंभीर सड़क दुर्घटना हुई है। यहां एक तेज गति से चल रही थार कार ने तीन व्यक्तियों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों में एक 54 वर्षीय पुरुष, एक 10 वर्षीय बच्चा और एक 8 वर्षीय बच्चा शामिल हैं। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
यह घटना पटौदी के खोड गांव में हुई, जहां थार कार के चालक ने तीनों को टक्कर मारने के बाद वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस को सूचना मिलने पर थार कार को जब्त कर लिया गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे एक व्यक्ति दो बच्चों के साथ सड़क पर जा रहा था, तभी थार कार की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीनों शव लगभग तीस फीट दूर जाकर गिरे। पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने थार कार को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया है। आज तीनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा और परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान दीपांशु (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गोरियावास का निवासी है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी को जल्द ही जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
