गुजरात में अनोखी शादी: एक युवक दो महिलाओं से करेगा विवाह

गुजरात के नवसारी में अनोखी शादी का मामला
गुजरात के नवसारी जिले के वांसदा तालुका के खानपुर गांव से एक दिलचस्प खबर आई है। यहां 36 वर्षीय मेघराजभाई देशमुख 19 मई को एक ही समारोह में दो महिलाओं से विवाह करने जा रहे हैं। इस शादी का निमंत्रण पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों दुल्हनों के नाम शामिल हैं।
मेघराजभाई पारसी फलिया क्षेत्र के निवासी हैं। उन्होंने पहले खांडा गांव की काजल गावित से प्रेम किया और 2010 में सगाई की। कुछ समय बाद, उन्हें केलिया गांव की रेखाबेन गाइन से भी प्यार हो गया और 2013 में उनसे भी सगाई कर ली। इसके बाद, वह दोनों महिलाओं के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
इन वर्षों में, काजल से उनके दो बच्चे और रेखा से एक बेटा हुआ। अब जब दोनों परिवार इस रिश्ते को स्वीकार कर चुके हैं, मेघराजभाई एक ही मंडप में दोनों महिलाओं से विवाह करने जा रहे हैं। यह अनोखी शादी सभी पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होगी और लोगों में विशेष रुचि पैदा कर रही है।
यह विवाह आदिवासी समुदाय की एक पारंपरिक रस्म 'चांदला विधि' या 'फुलहर' से जुड़ी हुई है। इस परंपरा के अनुसार, युवक और युवती विवाह से पहले पति-पत्नी की तरह एक साथ रह सकते हैं। जब वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो जाते हैं, तब वे समाज और धर्म के अनुसार विधिवत शादी करते हैं। मेघराजभाई भी इसी परंपरा का पालन करते हुए कई वर्षों से दोनों महिलाओं के साथ एक ही घर में रह रहे थे और अब अपने संबंध को आधिकारिक रूप देने जा रहे हैं।
जब इस शादी का निमंत्रण पत्र सामने आया, तो उसमें दूल्हे के साथ दो दुल्हनों के नाम देखकर सभी हैरान रह गए। सोशल मीडिया पर यह कार्ड तेजी से वायरल हो गया है। कुछ लोग इसे सच्चे और ईमानदार रिश्ते की मिसाल मान रहे हैं, जबकि कई लोग इस अनोखी परंपरा के बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं। मेघराजभाई को वांसदा ही नहीं, बल्कि पूरे गुजरात से शुभकामनाएं और कॉल्स मिल रहे हैं। उनकी यह शादी अब एक 'वायरल वेडिंग' बन चुकी है।