गाजीपुर में कमलेश बिंद के एनकाउंटर के बाद हिंसक प्रदर्शन, 50 पर FIR दर्ज
गाजीपुर में हिंसक प्रदर्शन के बाद पुलिस की कार्रवाई
गाजीपुर एनकाउंटर: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में इनामी अपराधी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के एनकाउंटर के बाद हुए हिंसक प्रदर्शनों के चलते पुलिस ने कठोर कदम उठाए हैं। पुलिस ने 7 नामजद आरोपियों के साथ-साथ 40 से 50 अज्ञात पुरुषों और महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन पर आरोप है कि उन्होंने कोतवाली क्षेत्र में शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया, यातायात को बाधित किया, पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिसकर्मियों पर पथराव किया।
पुलिस के अनुसार, 4 जून की शाम लगभग 6:40 बजे से 7:20 बजे के बीच कमलेश बिंद का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
पुलिस पर पथराव की घटना
प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता की, उन्हें धमकियां दीं और पथराव शुरू कर दिया। इस पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक राम मिलन यादव ने तहरीर दी, जिसके आधार पर विभिन्न धाराओं और क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों पर गैरकानूनी जमावड़ा, सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, धमकी देने और शांति व्यवस्था भंग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में 7 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है, जबकि 40 से 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज की जांच
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच कर रही है। साथ ही, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने पर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उनके खिलाफ रासुका के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। ये खबर आप गज़ब वायरल में पढ़ रहे हैं। इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई है.
