गाजियाबाद में किशोर की हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, सपा ने उठाए सवाल
गाजियाबाद में एनकाउंटर की घटना
गाजियाबाद: खोड़ा क्षेत्र में बकरीद के दिन किशोर सूर्या चौहान की हत्या के मामले में आरोपी असद को पुलिस ने रविवार तड़के एनकाउंटर में मार गिराया। इस घटना पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता ने सवाल उठाते हुए कहा कि परिवार को न्याय मिला, यह अच्छी बात है, लेकिन यदि इसकी जांच की जाए तो सच्चाई सामने आएगी।
सपा प्रवक्ता अमीक जामेई ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में कहा कि असद का एनकाउंटर हुआ और सूर्या के परिवार को न्याय मिला, लेकिन यदि जांच की जाए तो यह स्पष्ट होगा कि गाजियाबाद में असद और सूर्या एक ही गली में रहते थे और दोस्त थे। सूर्या की असद की बहन के साथ दोस्ती थी, जो असद को पसंद नहीं थी, और इसी कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
इसके बाद असद का परिवार मोहल्ला बदलने के लिए मजबूर हुआ, लेकिन उनकी दोस्ती में कोई कमी नहीं आई। यही मुद्दा सूर्या की जान के लिए खतरा बन गया।
सपा प्रवक्ता ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार में किसी भी हत्यारे को मीडिया द्वारा नफरत का बड़ा मुद्दा बना दिया जाता है। क्या यह सच नहीं है कि असद को पुलिस ने हिरासत में लिया और बाद में उसका एनकाउंटर किया गया? जौनपुर दूल्हे की हत्या के मामले में आरोपी को भाजपा से संबंधों के कारण संरक्षण मिल रहा है। जब तक सरकार वोट बैंक, जाति और धर्म से ऊपर उठकर कानून व्यवस्था पर ध्यान नहीं देगी, तब तक अपराध नहीं रुकेंगे।
