कोटा मंडल में आरपीएफ ने सफलतापूर्वक लौटाया यात्री का छूटा बैग
आरपीएफ की तत्परता से लौटाया गया छूटा बैग
कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन अमानत के तहत एक यात्री का छूटा हुआ बैग सुरक्षित रूप से लौटाया। इस बैग में लगभग ₹5,000 मूल्य के कपड़े, अन्य सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल थे।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने जानकारी दी कि गाड़ी संख्या 20452 नई दिल्ली-सोगरिया एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे नितेश कुमार, जो कुम्हेर (भरतपुर) के निवासी हैं, मथुरा स्टेशन पर उतरते समय अपना बैग ट्रेन में भूल गए। रेल मदद पर शिकायत मिलने के बाद, भरतपुर स्टेशन पर तैनात आरपीएफ के आरक्षक सुरेश मीणा ने तुरंत संबंधित कोच से बैग बरामद कर उसे सुरक्षित रखा।
जब यात्री भरतपुर पहुंचे, तो आरपीएफ उपनिरीक्षक वीरेंद्र सिंह ने उनकी पहचान और सामान का सत्यापन करने के बाद बैग उन्हें सौंप दिया। अपना सामान और महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित पाकर यात्री ने आरपीएफ कर्मियों का धन्यवाद किया।
रेलवे सुरक्षा बल द्वारा ऑपरेशन अमानत के तहत ट्रेनों और रेलवे परिसरों में यात्रियों के छूटे सामान को सुरक्षित उनके मालिकों तक पहुंचाने के प्रयास लगातार जारी हैं।
