नई दिल्ली। केरल के त्रिशूर जिले में वडक्कनचेरी नगर पालिका के मुंडाथिकोड गांव में एक पटाखा गोदाम में आग लगने से 13 लोगों की जान चली गई है। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं।
केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) के अनुसार, घटनास्थल से 13 व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला गया है। घायलों में से पांच की स्थिति गंभीर है और उन्हें क्रिटिकल केयर में रखा गया है। दो अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि 17 लोगों को हल्की चोटें आई हैं।
यह घटना मेडिकल कॉलेज पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत थलप्पिल्ली तालुक के मुंडाथिकोड गांव में हुई। अधिकारियों ने बताया कि ये आंकड़े प्रारंभिक हैं और जैसे-जैसे जानकारी प्राप्त होगी, उनमें बदलाव संभव है। त्रिशूर में राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिशूर में पटाखा निर्माण यूनिट में हुए धमाके पर दुख व्यक्त किया और मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने X पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि PMNRF से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”
तमिलनाडु में भी हुआ था हादसा
इससे पहले, 20 अप्रैल को तमिलनाडु के विरुधुनगर जिले में एक पटाखा फैक्ट्री में आग लगने की घटना में 25 लोगों की जान गई थी।
