कुशीनगर में घर में मिले 25 कोबरा सांप, ग्रामीणों में मची अफरातफरी
कुशीनगर में सांपों का झुंड
कुशीनगर: विकास खण्ड कसया के बटेसरा गांव में गुरुवार को एक अजीब घटना घटी, जब एक घर में ईंट और मिट्टी हटाते समय अचानक सांपों का झुंड नजर आया। मरम्मत के दौरान एक कोबरा सांप दिखाई दिया, जिसके बाद सांपों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी। एक ही घर में 25 कोबरा सांपों के मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। इस दृश्य को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इतने सारे सांपों की सूचना वन विभाग को दी गई।
यह घटना शुकुरुल्लाह के घर पर हुई, जहां निर्माण कार्य के दौरान सहीम नामक व्यक्ति ने एक विशाल कोबरा सांप देखा। उसने अन्य लोगों को बुलाया और बताया कि वहां और भी सांप हैं। एक बड़ा सांप और कई छोटे सांप थे। घबराए ग्रामीणों ने प्रधान मोहन लाल गुप्ता के माध्यम से सर्प मित्र शत्रुध्न यादव को सूचना दी।
सर्प मित्र मौके पर पहुंचे और ईंट तथा मिट्टी हटाकर एक बड़े कोबरा के साथ 24 नवजात कोबरा सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के दौरान पता चला कि एक बड़ा कोबरा पहले ही मर चुका था, जबकि बाकी सभी को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया। सर्प मित्र ने ग्रामीणों से अपील की कि अगर कहीं सांप दिखें तो उन्हें मारने की बजाय सुरक्षित स्थान पर छोड़ें।
कोबरा दुनिया के सबसे जहरीले सांपों में से एक है, और इसके काटने से 45 मिनट से 1 घंटे में मौत हो सकती है।
